
सुल्तानपुर। मंगलवार को दोपहर लगभग 1:30 बजे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे स्थित अरवल कीरी करवत गांव के समीप बने एयर स्ट्रिप पर भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों की गड़गड़ाहट सुनाई दी। एयरफोर्स के करीब 8 फाइटर जेट रिहर्सल के लिए यहां पहुंचे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। 22 अप्रैल को इस एयर स्ट्रिप पर दिन में 2 बजे से शाम 5 बजे तक और शाम में 6 बजे से रात 9 बजे तक दोनों समय युद्धाभ्यास और विशेष अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न प्रकार के आधुनिक लड़ाकू विमान टेकऑफ और लैंडिंग का प्रदर्शन करेंगे। इसमें सुखोई, मिराज, तेजस और जगुआर जैसे विमान उड़ान भर कर करतब दिखाएगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बीते कई दिनों से तैयारियां तेज़ी से चल रही थीं, जो अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आज डीएम इंद्रजीत सिंह व एसपी चारू निगम ने भी एयर स्ट्रिप पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया है।रिहर्सल के दौरान विमानों ने एयर स्ट्रिप पर कई बार उतरने और उड़ान भरने का अभ्यास किया। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती भी की गई। स्थानीय लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। कई लोग विमानों की गूंज और उनकी तेज रफ्तार को देखने के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे हैं।प्रशासन का कहना है कि 22 अप्रैल को होने वाला यह कार्यक्रम न केवल सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे क्षेत्र की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी। एयर स्ट्रिप पर होने वाला यह अभ्यास भारतीय वायु सेना की क्षमता और तैयारियों का प्रदर्शन करेगा।
हवाईपट्टी के परीक्षण व सुरक्षा को देखते हुए एक मई तक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से वाहनों के आवागमन का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। वायुसेना का परीक्षण कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दो मई से फिर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहनों का आवागमन बहाल हो सकेगा।इससे पहले जून 2023 में यह अभ्यास 4 घंटे तक चला था। यहां वायुसेना के लड़ाकू विमान सुखोई और मिराज ने 3.2 किमी की एयर स्ट्रिप पर टच एंड गो का अभ्यास किया था। इस अभ्यास के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का 12 किलोमीटर का एरिया सील किया गया था। यूपी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले इसी तरह का एयर शो किया गया था। 16 नवंबर 2021 को जब पीएम मोदी ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था तब एयरफ़ोर्स ने एयर स्ट्रिप पर टच एंड गो का अभ्यास किया था। उस दौरान सुखोई, जगुआर और मिराज जैसे लड़ाकू विमानों ने आसमान में करतब दिखाए थे। इसके साथ ही पीएम मोदी को लेकर आया एयरफ़ोर्स का हरक्युलिस विमान भी एक्सप्रेस-वे पर उतरा था।