
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी । पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने गौरीगंज स्थित पुलिस कार्यालय सभागार में सोमवार की देर रात एक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने जनपद के सभी थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों के साथ कानून व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण पर विस्तृत चर्चा की। एसपी ने अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने पाबंदी की कार्रवाई, गुंडा, जिलाबदर और हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। साथ ही, उनकी गतिविधियों पर दैनिक नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। एसपी ने महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।रात्रि गश्त बढ़ाने के भी आदेश दिए गए, ताकि रात के समय होने वाले अपराधों पर लगाम लगाई जा सके। इसके अतिरिक्त, बाजारों, चौराहों, सर्राफा दुकानों और बैंकों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर घूम रहे नई उम्र के लड़कों की जांच पर जोर दिया गया। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारीगण और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। एसपी ने सभी अधिकारियों को जनता से बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस की छवि को और मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए।