
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी/रायबरेली। अपना दल कमेरावादी के तत्वावधान में रविवार को रायबरेली के टिम्बर लॉन मैदान में ‘दूसरी आजादी की प्रथम क्रांति दिवस’ के अवसर पर विशाल जनसभा आयोजित की गई। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जुलूस के रूप में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। जनसभा में कार्यकर्ताओं ने संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल को नमन करते हुए व्यवस्था परिवर्तन के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि आगामी प्रदेश सरकार के गठन में अपना दल कमेरावादी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों और डॉ. सोनेलाल पटेल के विचारों को आगे बढ़ाते हुए संघर्ष कर रही है। 23 अगस्त 1999 की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे सामाजिक समता की लड़ाई से जोड़ा और कार्यकर्ताओं से लक्ष्य हासिल होने तक संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल कमेरावादी अवसरवादी राजनीति नहीं, बल्कि वैचारिक संघर्ष का आंदोलन है। पार्टी जनता के जायज सवालों को लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में सत्ता परिवर्तन के साथ व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई को आगे बढ़ाया जाएगा।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीएल पटेल ने की। संचालन मोहम्मद हाफिज मोबीन, गगन प्रकाश यादव और दिनेश चौधरी ने किया। सभा में प्रो. गंगाराम यादव, राधेश्याम सिंह, पारुल पटेल, उदल राजभर, साधना साहू, आनंद हीराराम, बाबा राम आधार और अशोक पटेल सहित अन्य नेताओं ने विचार रखे।