news-details

अपनों ने ही घेरा! BJP पार्षद ने अपनी ही महापौर को बताया भ्रष्ट, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से की शिकायत

You can share this post!

*कानपुर।* कानपुर नगर निगम की सियासत में भूचाल आ गया है। महापौर प्रमिला पांडेय और भाजपा पार्षदों के बीच चल रहा अंदरूनी विवाद अब दिल्ली तक पहुंच गया है। वार्ड-37 अशोक नगर के भाजपा पार्षद पवन गुप्ता ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर महापौर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पार्षद पवन गुप्ता ने महापौर और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार, भेदभाव और पार्टी को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने संगठन से पूरे मामले का संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की है।

*सरकारी जमीन और नगर निगम की संपत्तियों पर कब्जे का आरोप*

 

पवन गुप्ता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि महापौर ने अपने परिवार को लाभ पहुंचाने के लिए नगर निगम की संपत्तियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने महापौर के पुत्र अमित पांडेय पर नगर निगम को गैर-कानूनी तरीके से संचालित करने और नजूल की सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। 

 

पत्र में कहा गया है कि सरकारी जमीन पर कब्जे के मामले में अधिकारियों की जांच के बाद मुकदमा भी दर्ज किया गया था।

 

*विकास निधि में भेदभाव का आरोप*

 

पवन गुप्ता ने कहा कि भाजपा के पार्षदों को विकास निधि नहीं दी जा रही है, जबकि विपक्षी पार्षदों के क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पैसा दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन वार्डों में भाजपा को ज्यादा वोट मिलते हैं, वहां भी विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है।

 

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा पार्षदों को सदन की बैठकों से निष्कासित करने, उनकी आवाज दबाने और दुर्व्यवहार करने से पार्टी की छवि खराब हो रही है।

 

*2017 से हो रही है उपेक्षा*

 

शिकायत पत्र में पार्षद ने दावा किया है कि 2017 से ही नगर निगम में भाजपा पार्षदों की उपेक्षा की जा रही है। पार्षदों को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त अवसर और संसाधन नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मामले की जांच कराकर उचित कदम उठाने की अपील की है।