news-details

अनिल दीक्षित का सख्त संदेश; भाजपा बूथ सत्यापन अभियान को लेकर मंथन

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ | कानपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ सत्यापन अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को नवीन मार्केट स्थित जिला भाजपा कार्यालय में अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सत्यापन प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और समयबद्ध कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।अभियान के तहत पूर्व महापौर रविंद्र पाटनी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील बजाज, दीपू पांडे और विधायक नीलिमा कटियार समेत वरिष्ठ पदाधिकारियों को अलग-अलग मंडलों के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अवधेश सोनकर को अभियान का संयोजक बनाया गया है। सत्यापन अभियान 2 से 4 सितंबर तक चलाया जाएगा।बैठक को विधायक नीलिमा कटियार और पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील बजाज ने संबोधित करते हुए बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता और मजबूती को प्राथमिकता बताया।

नेम प्लेट नहीं, जिम्मेदारी निभानी होगी
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि संगठन में मिला दायित्व केवल नेम प्लेट लगाने के लिए नहीं है, बल्कि उसे पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से निभाना भी होगा। उन्होंने कहा कि बूथ सत्यापन महज कागजी खानापूर्ति नहीं, बल्कि संगठन की जमीनी स्थिति को परखने और कमजोरियों को दूर करने का महत्वपूर्ण अभियान है।बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रभारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।