news-details

अमित मौतकांड में नया ट्विस्ट!

You can share this post!

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। काकादेव के ओम चौराहे पर कारोबारी अमित कुमार गुप्ता की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घटना के करीब एक सप्ताह बाद फरार चार आरोपियों में से तीन ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया है। तीनों ने हत्या के आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि मौके पर भीड़ से बचकर निकलने के दौरान कार आगे बढ़ाई गई और इसी दौरान अमित उसकी चपेट में आ गए। आरोपियों ने मामले की निष्पक्ष जांच CCTV फुटेज के आधार पर कराने की मांग की है। आरोपी संजय सिंह उर्फ संजय ढाबा ने दावा किया कि घटना के समय 20 से 25 लोगों ने उन्हें घेर रखा था। उनके अनुसार, हड़बड़ाहट में वहां से निकलने के दौरान हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि जिन अमित कुमार गुप्ता की मौत हुई, उन्हें वह पहले से जानते-पहचानते नहीं थे और उनकी किसी से रंजिश भी नहीं थी।वहीं हितेंद्र श्रीवास्तव उर्फ मोनू नेता ने वीडियो में दावा किया कि 25 से 30 लोग उनकी कार को घेरे हुए थे और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर रहे थे। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज की निष्पक्ष जांच से पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकती है।तीसरे आरोपी कुशल श्रीवास्तव ने भी खुद को निर्दोष बताया। उसने कार का टूटा शीशा दिखाते हुए दावा किया कि भीड़ के हमले और पथराव में वाहन क्षतिग्रस्त हुआ। उसका कहना है कि वे लोग अपनी जान बचाने के लिए कार से मौके से निकले थे।बताया गया कि नवीन नगर निवासी कारोबारी अमित कुमार गुप्ता का ओम चौराहे के पास कार सवार युवकों से विवाद हुआ था। आरोप है कि सड़क किनारे टॉयलेट करने का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और सिर पर ईंट से हमला किया गया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती अमित की इलाज के दौरान मौत हो गई।पुलिस ने CCTV फुटेज और कार नंबर के आधार पर हितेंद्र श्रीवास्तव उर्फ मोनू नेता, कुशल श्रीवास्तव, संजय सिंह उर्फ संजय ढाबा और अश्वनी यादव की पहचान की थी। चारों आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए तलाश और तेज कर दी है। DCP सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के अनुसार काकादेव पुलिस, सर्विलांस टीम और क्राइम ब्रांच आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।



आरोपियों के सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद काकादेव पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस, सर्विलांस टीम और क्राइम ब्रांच की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा:
 अतुल कुमार श्रीवास्तव, DCP सेंट्रल कानपुर।