
PARDARSHI VIKASH NEWS अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में हुए शांति समझौते (पीस डील) के बाद दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच स्विट्जरलैंड में होने वाली अहम वार्ता फिलहाल टल गई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की प्रस्तावित स्विट्जरलैंड यात्रा अचानक रद्द कर दी गई, जिससे समझौते के भविष्य को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।रिपोर्ट्स के मुताबिक, यात्रा रद्द होने का फैसला इतना अचानक लिया गया कि वेंस के साथ जाने वाले अधिकारी और पत्रकार वॉशिंगटन के जॉइंट बेस एंड्रयूज तक पहुंच चुके थे। वहीं, कई अमेरिकी अधिकारी और विदेशी मीडिया प्रतिनिधि पहले से स्विट्जरलैंड में मौजूद थे।जानकारों का मानना है कि लेबनान को लेकर पैदा हुए मतभेद इस फैसले की बड़ी वजह हो सकते हैं। शांति समझौते में क्षेत्रीय संघर्षों को समाप्त करने की बात कही गई थी, लेकिन दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैन्य कार्रवाई जारी रहने से आगे की बातचीत प्रभावित हुई है।इस बीच दक्षिणी लेबनान में संघर्ष जारी है। इजराइली सेना ने कई ठिकानों पर हमले किए हैं, जबकि हिजबुल्लाह ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइली सैनिकों को निशाना बनाया। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव ने क्षेत्र में स्थायी शांति की संभावनाओं को चुनौती दी है।उधर, स्विट्जरलैंड के विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि अमेरिका और ईरान के बीच बुर्गेनस्टॉक में प्रस्तावित वार्ता फिलहाल नहीं होगी। अब दोनों देशों के बीच आगे की बातचीत कब और किस रूप में होगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।हालांकि शांति समझौते के बाद होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री गतिविधियां सामान्य होती दिखाई दे रही हैं। भारत समेत कई देशों के ऊर्जा और व्यापारिक हित इस क्षेत्र में स्थिरता पर निर्भर हैं, इसलिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय वार्ता प्रक्रिया के दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहा है।