news-details

अमानीगंज में शारदा सहायक नहर की पटरी जर्जर, 500 से अधिक गड्ढों से राहगीर परेशान

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले के मिल्कीपुर विकासखंड के अमानीगंज क्षेत्र से गुजरने वाली शारदा सहायक नहर की पिच पटरी की हालत बेहद खराब हो गई है। अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेवाज का पुरवा से सुल्तानपुर जिले की सीमा तक लगभग पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर 500 से अधिक गड्ढे बन चुके हैं, जिनकी गहराई कई जगह एक से तीन फीट तक है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि गड्ढों में पानी भरने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। रात के समय यह मार्ग और अधिक खतरनाक हो जाता है, जहां दोपहिया और साइकिल सवार अक्सर हादसों का शिकार हो जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार अब तक कई लोग इन गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं और बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।यह मार्ग आसपास के कई गांवों की जीवनरेखा माना जाता है, जिसका उपयोग स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर सुल्तानपुर जिले की बल्दीराय तहसील के लोग भी करते हैं। लगातार बढ़ते गड्ढों और खराब जल निकासी व्यवस्था के कारण नहर की पटरी भी और अधिक क्षतिग्रस्त हो रही है।ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं नहर विभाग के अभियंता के अनुसार बजट उपलब्ध होते ही मरम्मत कार्य कराया जाएगा और फिलहाल अस्थायी रूप से गड्ढों को भरने का प्रयास किया जाएगा।