news-details

अमिलिहा हाईवे कट का डीसीपी पश्चिम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

 चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर अमिलिहा कट का सोमवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने निरीक्षण किया। सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए यह निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके साथ पुलिस उपायुक्त यातायात, कानपुर नगर तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी पश्चिम ने हाईवे कट पर यातायात व्यवस्था, सड़क की स्थिति, वाहनों की आवाजाही और दुर्घटना संभावित स्थलों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। कट पर स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, रात में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

अधिकारियों को सड़क किनारे अवैध कट और अनियंत्रित वाहन मोड़ने जैसी समस्याओं पर भी सख्ती से कार्रवाई करने को कहा गया। डीसीपी ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस व NHAI संयुक्त रूप से काम करेंगे।

गौरतलब है कि हाल ही में अमिलिहा गांव के पास मंडप विसर्जन से लौट रही महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी, जिसमें दो महिलाओं और एक बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आया है और अब हाईवे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद तेज कर दी गई है।