
Pardarshi Vikas News Amethi
भारतीय जनता पार्टी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर अमेठी ब्लॉक क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान अंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास साफ-सफाई की गई और दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
यह विशेष कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला के नेतृत्व में अमेठी के सरायखेमा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर आयोजित किया गया।
कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा परिसर की सफाई की, जिसके बाद जिलाध्यक्ष ने प्रतिमा को दूध से स्नान कराकर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर जिला मंत्री विकास पटेल, गिरजाशंकर शुक्ल, घनश्याम चौरसिया, राजेश शुक्ल सहित दर्जनों भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुधांशु शुक्ला ने कहा कि डॉ. अंबेडकर सामाजिक समरसता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच और भेदभाव का कड़ा विरोध किया तथा देश को छुआछूत जैसी कुरीतियों से मुक्त कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने शोषित और वंचित वर्गों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने में अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने जोर दिया कि डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं और भाजपा उन्हें अपना आदर्श मानकर उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा जिला महामंत्री विषुव मिश्र के साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।