
Pardarshi Vikas News Mathura
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा सोमवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर प्रेमानंद महाराज के दर्शन और आशीर्वाद लेने वृंदावन पहुंचे। यह दोनों की संत प्रेमानंद महाराज से पांचवीं मुलाकात बताई जा रही है। उनके आगमन से आश्रम परिसर में भक्तों और प्रशंसकों का उत्साह देखने को मिला।
आईपीएल 2026 के व्यस्त कार्यक्रम के बीच विराट और अनुष्का रविवार देर शाम वृंदावन पहुंचे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे दोनों केलीकुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने करीब ढाई घंटे तक सत्संग में भाग लिया। इस दौरान दोनों बेहद सादगीपूर्ण वेशभूषा में नजर आए और आम श्रद्धालुओं की तरह जमीन पर बैठकर गुरु वचनों को ध्यानपूर्वक सुना।
सत्संग में प्रेमानंद महाराज ने निर्मल मन, भक्ति और वैराग्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शुद्ध अंतःकरण ही ईश्वर प्राप्ति का मार्ग है और साधु-संगति से मनुष्य का मन धीरे-धीरे निर्मल होता है। महाराज ने विषय-विलास से दूरी, नाम जप और एकांत साधना को आध्यात्मिक उन्नति का आधार बताया।
आश्रम से निकलने के बाद विराट और अनुष्का संत हित गौरांगी शरण महाराज के वराह घाट स्थित आश्रम भी पहुंचे और वहां भी दर्शन किए। इसके बाद दोनों होटल लौटे और पूर्वाह्न में रवाना हो गए।
जैसे ही विराट कोहली के वृंदावन पहुंचने की सूचना फैली, बड़ी संख्या में प्रशंसक आश्रम के बाहर जुट गए। लोगों ने अपने पसंदीदा खिलाड़ी और अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार किया। विराट ने आगामी आईपीएल मुकाबले से पहले मिले ब्रेक का उपयोग इस आध्यात्मिक यात्रा के लिए किया।