
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के पास आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और खंदौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कस्बा इंचार्ज गौरव सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 27 वर्ष है। उसने हरे रंग की शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी, लेकिन उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने से शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक सड़क पार कर रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर अक्सर सड़क हादसे होते हैं। उनका आरोप है कि पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत और चेतावनी संकेतकों के अभाव में यह क्षेत्र हादसों का ब्लैक स्पॉट बन गया है।