
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात। रसूलाबाद क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि एक 17 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा रसूलाबाद-कानपुर मार्ग पर पहाड़ीपुर गांव के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया।मृतक की पहचान औनहा क्षेत्र के नोनारी बहादुरपुर गांव निवासी 45 वर्षीय सुशील कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले ही नया ई-रिक्शा खरीदा था और रविवार को शिवली से सवारियां लेकर रसूलाबाद जा रहे थे। पहाड़ीपुर स्थित पुत्तीलाल डिग्री कॉलेज के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी, जिससे वाहन पलट गया।हादसे में सुशील कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार माल का पुरवा निवासी 17 वर्षीय प्रीति पाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रीति को बेहतर इलाज के लिए एलएलआर अस्पताल, कानपुर रेफर किया गया है।थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।