
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। मड़ियांव पुलिस ने भला करने और टोना-टोटका दूर करने का झांसा देकर महिला की अंगूठी चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी खुद को अघोरी बताकर राह चलते लोगों को अपना शिकार बनाते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से जेवर बेचकर मिली नकदी बरामद की है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को भला करने और परेशानियां दूर करने का झांसा देते थे। इस दौरान फूल की पंखुड़ियां देकर लोगों को बातों में उलझाते और मौका पाकर हाथ में पहने जेवर चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए जेवर को बाद में बेच देते थे।मामले की शिकायत 17 जून को जानकीपुरम निवासी शाम्भवी शुक्ला ने मड़ियांव थाने में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि वह कार से इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर से मड़ियांव की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अघोरी साधुओं के वेश में दो लोगों ने कार रुकवाई।एक आरोपी ने शीशा खुलवाकर उनके हाथ में फूल की कुछ पंखुड़ियां रखीं। कुछ देर बाद महिला को पता चला कि उनके हाथ की अंगूठी गायब है। उन्होंने आरोपियों की तलाश की, लेकिन दोनों मौके से फरार हो चुके थे।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। शनिवार को गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध दो लोग भिठौली फ्लाईओवर के पास मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दक्षिणी दिल्ली निवासी साकिब नाथ (28) और अरुण (27) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों सपेरे का काम करते हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 31,700 रुपये बरामद किए हैं।इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।