
Pardarshi Vikas News Lucknow
विकासनगर क्षेत्र में बुधवार शाम लगी भीषण आग ने सैकड़ों लोगों को बेघर कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो सगी मासूम बहनों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृत बच्चियों में एक की उम्र दो साल, जबकि दूसरी मात्र दो महीने बताई गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है। गुरुवार सुबह घटनास्थल पर चारों ओर राख, जले हुए घरेलू सामान, फ्रिज, बाइक, अलमारियों के ढांचे और बर्बादी का मंजर दिखाई दिया। प्रभावित परिवार राख में अपने जरूरी सामान तलाशते नजर आए। कई परिवारों ने रात खुले आसमान के नीचे बिताई, जबकि कुछ लोगों को प्रशासन ने रैन बसेरों में ठहराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में करीब 250 से अधिक झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। आग के दौरान 30 से अधिक गैस सिलेंडर फटने से हालात और भयावह हो गए। धमाकों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया कि जमीन खाली कराने को लेकर पहले धमकियां दी गई थीं और उसी के तहत झोपड़ियों में आग लगाई गई। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है। राहत और मुआवजे को लेकर जल्द निर्णय लिया जा सकता है।