news-details

अब दक्षिण के लोगों को नहीं लगाने पड़ेंगे अफसरों के चक्कर, अधिकारी खुद बैठेंगे यहीं!

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल है और दक्षिण क्षेत्र के लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए भी दूर तक दौड़ लगानी पड़ती है। अब इन समस्याओं के समाधान के लिए दक्षिण क्षेत्र में बड़े अधिकारियों को बैठाने की तैयारी है। नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य गोपीकृष्ण पांडे ने गुरुवार को कानपुर प्रेस क्लब में आयोजित 'प्रेस से मिलिए' कार्यक्रम में अपनी कार्ययोजना साझा करते हुए यह बात कही।सांसद बनने के बाद पहली बार पत्रकारों से रूबरू हुए पांडे ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार उनकी प्राथमिकता है। नगर निगम और कलेक्ट्रेट सहित जनता से जुड़े विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय दक्षिण क्षेत्र में एक ही परिसर में स्थापित कराने का प्रयास होगा। यहां एसडीएम और अपर नगर आयुक्त जैसे अधिकारी भी बैठें, ताकि लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान हो सके। भविष्य में रजिस्ट्री विभाग के अधिकारी को भी यहां बैठाने पर विचार किया जाएगा।उन्होंने बताया कि दक्षिण क्षेत्र में बना 100 बेड का अस्पताल मार्च तक शुरू होने की उम्मीद है। ओवरब्रिजों की जरूरत पर भी काम किया जाएगा। दीपावली के बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर इन योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिए भी योजना तैयार की जा रही है।

किदवई नगर में खुलेगा सांसद कार्यालय
गोपीकृष्ण पांडे ने बताया कि जल्द ही किदवई नगर में उनका कार्यालय शुरू होगा। यहां वह स्वयं या उनका जिम्मेदार प्रतिनिधि नियमित रूप से बैठकर जनता की शिकायतें सुनेगा। संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं का तय समय में समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा की गुटबाजी पर बोले- सब ठीक हो जाएगा
पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ कमियां हो सकती हैं, लेकिन यह कोई बड़ी बात नहीं है। समय के साथ सब ठीक हो जाएगा। सभी नेता और कार्यकर्ता पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।

दसों सीटें जीतने का दावा
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पांडे ने दावा किया कि भाजपा कानपुर की सभी दस सीटें जीतेगी। सीसामऊ, आर्यनगर और छावनी सीट पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि जिताऊ प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की तैयारी चल रही है और संगठन बूथ स्तर तक सक्रिय है। प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का भी उन्होंने भरोसा जताया।

पत्रकारों के लिए भी किए वादे
सांसद ने दक्षिण क्षेत्र में कानपुर प्रेस क्लब का भव्य तीन मंजिला कार्यालय बनवाने का प्रयास करने की बात कही। साथ ही पत्रकारों के इलाज और पेंशन का मुद्दा केंद्र व प्रदेश सरकार के सामने उठाने का आश्वासन दिया। अब देखना होगा कि दक्षिण की जनता को सरकारी दफ्तरों की दौड़ से राहत दिलाने और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के ये वादे जमीन पर कब उतरते हैं।