
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अपर आवास आयुक्त एवं सचिव नीरज शुक्ला ने मंगलवार को वृंदावन योजना स्थित परिषद कार्यालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई कर्मचारी निर्धारित समय पर ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित कर्मचारियों से तत्काल स्पष्टीकरण लिया जाए और जवाब के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।निरीक्षण के दौरान अपर आवास आयुक्त ने विभिन्न अनुभागों और कार्यालय कक्षों में पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालयों में अनुशासन बनाए रखने और समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विभागों में कर्मचारियों की नियमित मौजूदगी और जवाबदेही जरूरी है, क्योंकि इससे आम जनता को मिलने वाली सेवाओं पर सीधा असर पड़ता है।निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में कुछ अनाधिकृत लोग भी मौजूद मिले। इस पर अधिकारियों को उनकी पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यालय में केवल अधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर जोर दिया गया।अपर आवास आयुक्त ने साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिषद की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस दौरान उप आवास आयुक्त (लखनऊ जोन) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।