news-details

आरक्षण के जनक छत्रपति शाहूजी जी महाराज ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया,जीवन भर जलाई सामाजिक चेतना की मशाल

You can share this post!

 

अमेठी में मनाई गई छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती, माल्यार्पण और विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ

बहन मायावती जी ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में शाहू जी महाराज के सपनों को साकार किया -राम मिलन शर्मा


 

PARDARSHI VIKASH NEWS  अमेठी। शुक्रवार को नगर स्थित बाबा साहब डॉ अम्बेडकर की प्रतिमा के समक्ष छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती पर माल्यार्पण और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। अम्बेडकर सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बामसेफ,बी एस पी और मौलिक अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने छत्रपति शाहू महाराज को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ अम्बेडकर  की प्रतिमा और छत्रपति शाहूजी जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण किया।दीप प्रज्ज्वलित किए। बामसेफ के जिला संयोजक संजीव भारती ने छत्रपति शाहूजी महाराज के जीवन दर्शन पर विस्तार से संवाद किया और कहा कि उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया और सामाजिक बुराईयों के विरुद्ध सामाजिक चेतना की मशाल जलाई। भगवान दीन पासी ने कहा कि बाबा साहब डॉ अम्बेडकर ने शाहू जी महाराज के विचारों को आगे बढ़ाया। बाबा साहब डॉ के बाद मान्यवर कांशीराम ने उनके सपनों को साकार किया। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिला सचिव राम मिलन शर्मा ने कहा कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन सुश्री मायावती ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में छत्रपति शाहू महाराज के नाम से अमेठी को जिला बनाकर अमेठी को नई पहचान दी और मेडिकल कॉलेज लखनऊ का नाम छत्रपति शाहूजी महाराज के नाम से रखने के साथ उनके नाम से कई संस्थाएं स्थापित की। वरिष्ठ हिंदी कवि राम चन्द्र सरस ने कहा कि छत्रपति शाहू महाराज ऐसे पहले राजा थे जिन्होंने जनसेवक के रूप में काम किया। अम्बेडकर सेवा समिति के अध्यक्ष संजय कुमार शास्त्री ने कहा कि 1902में छत्रपति शाहूजी महाराज ने अपने राज्य में 50फीसदी आरक्षण लागू किया। आजादी के बाद काका कालेलकर आयोग और मंडल कमीशन का गठन उनके विचारों की देन है । बामसेफ के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्याम लाल ने छत्रपति शाहूजी महाराज को एक क्रांतिकारी समाज सुधारक बताया। विचार गोष्ठी का संचालन बामसेफ के विधानसभा संयोजक फूल चंद्र बौद्ध ने किया। विचार गोष्ठी को बामसेफ के पूर्व विधानसभा संयोजक राम चन्द्र,भीम सेन इंटर कालेज के प्रवक्ता और अम्बेडकर सेवा समिति के कोषाध्यक्ष राजेश अकेला,मो इश्तियाक आदि ने संबोधित किया। सेवानिवृत्त शिक्षक पल्टूराम, ललित कुमार, दिलीप कुमार, श्याम कुमार,राम प्रसाद, फूल चंद्र, सुभाष चन्द्र गौतम, अनिल कुमार आदि ने छत्रपति शाहू जी महाराज को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।कुल रोशन एडवोकेट, बृजेश कुमार, प्रमोद कुमार एडवोकेट, त्रिभुवन दत्त, फूल चंद्र दाढ़ी, सुभाष, राजा आदि मौजूद रहे।