
PARDARSHI VIKASH NEWS रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ अंसारी, अमन अंसारी और सायम सुजान के रूप में हुई है। इनमें से सैफ अंसारी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान घायल हो गया था और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।जांच एजेंसियों की पूछताछ में सामने आया है कि सैफ और अमन के कुछ प्रतिबंधित एवं संदिग्ध संगठनों से संपर्क होने के संकेत मिले हैं। उनके मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरणों की जांच में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों ने कथित तौर पर संगठन के निर्देश पर रांची में दहशत फैलाने के उद्देश्य से आरएसएस कार्यालय को निशाना बनाया। तीसरा आरोपी सायम सुजान उनकी सहायता कर रहा था। आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली हैं।जांच के दौरान सैफ अंसारी ने बताया कि कुछ समय पहले वह काम के सिलसिले में दुबई गया था, जहां उसकी मुलाकात कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से हुई थी। इसके बाद वह उनके संपर्क में आया और कथित रूप से हमले की योजना में शामिल हुआ।पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी शहर छोड़कर भागने की तैयारी में थे। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उन्हें कोडरमा के गझंडी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी को भी पकड़ा गया।बाद में पूछताछ के दौरान सैफ अंसारी पुलिस हिरासत से भाग निकला, लेकिन कुछ घंटों बाद चान्हो क्षेत्र में उसे दोबारा पकड़ लिया गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने हथियार छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।मामले की गंभीरता और अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की आशंका को देखते हुए इस केस की आगे की जांच झारखंड एटीएस को सौंप दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क और संभावित साजिश की गहन जांच कर रही हैं।