
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आकांक्षात्मक विकास खण्ड विशुनपुरा की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। बैठक में विभागवार प्रगति का मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान शिक्षा, कृषि, बाल विकास, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित विभिन्न विभागों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और निर्धारित समय सीमा में पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। बताया गया कि निर्धारित 41 पदों के सापेक्ष मात्र 12 सीएचओ की ही तैनाती है। इस पर उन्होंने रिक्त पदों को शीघ्र भरने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।बाल विकास विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के कम नामांकन और कार्यों में उदासीनता पर भी असंतोष व्यक्त किया गया। सीडीओ ने संबंधित सीडीपीओ को नामांकन बढ़ाने, बच्चों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने तथा केंद्रों के नियमित संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।बैठक में प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता और शैक्षिक गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। खंड शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों के संचालन में सुधार लाने, रिक्त पदों को भरने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, स्वयं सहायता समूहों के गठन, वीसी सखी कार्यक्रम, टीकाकरण अभियान एवं अन्य विकास योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।सीडीओ ने कहा कि विकास खण्ड एवं जनपद स्तर पर नियमित समन्वय बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि योजनाओं के संचालन में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने निरीक्षण एवं सर्वेक्षण के दौरान संबंधित विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।बैठक में अरुण कुमार पांडेय, अतिंद्र सिंह, आलोक प्रियदर्शी सहित विभिन्न विभागों के जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।