news-details

आज मुख्यमंत्री योगी का आगमन

You can share this post!


 655 करोड़ की 19 परियोजनाओं की देंगे सौगात

पारदर्शी विकास ब्यूरो, देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को देवरिया जनपद के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री रामपुर कारखाना क्षेत्र के गौरा भीमपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और जनपदवासियों को करीब 655 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं।मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा, उनमें देवरिया-कसया फोरलेन सड़क एवं सुंदरीकरण कार्य, हाटा-देवरिया चौड़ीकरण सड़क संपर्क मार्ग, सोन्हुला-आनंदनगर टू लेन सड़क निर्माण, डिघवा पौटवा में आईटी कॉलेज की स्थापना, खनुआ नाले पर नए समानांतर सेतु पुल का निर्माण तथा पशु चिकित्सालय देवरिया सदर में आधुनिक वेटेनरी क्लीनिक की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल गौरा भीमपुर में प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रही है। कार्यक्रम स्थल पर हैलीपैड, बैरिकेडिंग, विशाल पंडाल, पेयजल, कुर्सियां, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं तथा वीआईपी मंच की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण कृषि मंत्री सूर्य प्रतापशाही, जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, विधायक सुरेन्द्र चौरसिया समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। कार्यक्रम स्थल के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है।