news-details

आज खुलेगा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे, 40 मिनट में पूरा होगा सफर

You can share this post!

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश को सोमवार को एक बड़ी आधारभूत संरचना परियोजना की सौगात मिलने जा रही है। 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन सोमवार शाम 4 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। एक्सप्रेस-वे मंगलवार से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।करीब 4700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेस-वे लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा समय को ढाई-तीन घंटे से घटाकर लगभग 40 मिनट कर देगा। यह देश का पहला बैरियर-लेस एक्सप्रेस-वे होगा, जहां टोल वसूली के लिए पारंपरिक टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।एक्सप्रेस-वे पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और फास्टैग रीडर लगाए गए हैं। टोल प्लाजा से पहले लगे ये कैमरे और सेंसर बिना वाहन रोके स्वतः टोल काट लेंगे, जिससे यात्रा निर्बाध बनी रहेगी। सुरक्षा के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित कैमरे भी लगाए गए हैं, जो किसी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेंगे।12 लेन वाले इस आधुनिक एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। परियोजना में छह इंटरचेंज बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से यात्री विभिन्न स्थानों से एक्सप्रेस-वे पर प्रवेश और निकास कर सकेंगे।एक्सप्रेस-वे का लगभग 18 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड बनाया गया है। इससे अमौसी, सरोजनीनगर और राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के आसपास लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही इसे लखनऊ आउटर रिंग रोड से भी जोड़ा गया है, जिससे कानपुर की ओर से आने वाले वाहन रायबरेली, सीतापुर, हरदोई और सुल्तानपुर जैसे जिलों की ओर बिना शहर में प्रवेश किए सीधे जा सकेंगे।हालांकि, एक्सप्रेस-वे पर सफर करने के लिए यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक टोल चुकाना होगा। लखनऊ से कानपुर तक कार से यात्रा करने पर लगभग 275 रुपये टोल देना होगा, जबकि पहले यह राशि करीब 95 रुपये थी। इसे लेकर नियमित यात्रियों ने टोल दरों में कमी या वार्षिक पास जैसी सुविधा शुरू करने की मांग की है। वहीं कई यात्रियों का मानना है कि कम यात्रा समय, ईंधन की बचत और बेहतर सफर के कारण अतिरिक्त टोल की आंशिक भरपाई हो जाएगी।

 

 

 

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे पर 6 इंटरचेंज

  • लखनऊ में शहीदपथ से आगे बढ़ने पर मेन टोल, बनी और हरौनी में इंटरचेंज है।
  • उन्नाव में अजगैन और अमरसास में इंटरचेंज हैं।
  • कानपुर में आजाद चौक पर मेन टोल पर इंटरचेंज है।