
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। आईआईटी कानपुर ने सांख्यिकी और डेटा साइंस के लिए नए विभाग की स्थापना को मंजूरी दे दी है। नवगठित विभाग के अंतर्गत बीएस-एमएस, एमएससी और पीएचडी स्तर के सभी सांख्यिकी एवं डेटा साइंस कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।आईआईटी कानपुर में एमएससी (सांख्यिकी) कार्यक्रम 1970 के दशक से संचालित हो रहा है, जबकि बीएस-एमएस (सांख्यिकी एवं डेटा साइंस) कार्यक्रम वर्ष 2021 में शुरू किया गया था। नए विभाग में एमएससी की 60 और बीएस-एमएस की करीब 30 सीटें उपलब्ध रहेंगी।संस्थान के अनुसार, यह विभाग सांख्यिकी, प्रायिकता और डेटा साइंस के क्षेत्र में शोध और शिक्षण को नई दिशा देगा। साथ ही देश में सांख्यिकीय विज्ञान और डेटा आधारित अनुसंधान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।आईआईटी कानपुर का मानना है कि यह पहल संस्थान को इस क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने में मदद करेगी।