
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा-दिल्ली हाईवे पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश रोडवेज परिवहन की एक बस का अचानक पहिया निकल गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 8 यात्री घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। रोडवेज बस मथुरा की ओर से आगरा आ रही थी। अचानक बस का पहिया निकलने से चालक नियंत्रण खो बैठा और बस हाईवे की रेलिंग से टकराकर पलट गई।बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया।हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। बस को क्रेन की मदद से हटाया गया। पुलिस ने बताया कि बस अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में पहिया निकलने को हादसे की वजह माना जा रहा है।