news-details

आगरा में ट्रांसपोर्टर हत्याकांड का आरोपी रवि यादव कोर्ट में सरेंडर, परिजनों ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा में ट्रांसपोर्टर असगर अली हत्याकांड में वांछित सपा नेता और कथित पत्रकार रवि यादव ने पुलिस को चकमा देते हुए कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश का दावा कर रही थी, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी। आखिरकार रवि यादव ने एक पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर आगरा दीवानी कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलने पर शाहगंज थाना पुलिस कोर्ट पहुंची। मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई और जांच की रफ्तार पर सवाल उठाए हैं।4 अप्रैल को ट्रांसपोर्टर असगर अली की कार से टक्कर मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही थी, लेकिन बाद में सामने आए सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के आरोपों के बाद मामला हत्या में दर्ज किया गया। परिजनों ने जीएसटी अधिकारी निवेदिता और उनके पति पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय यादव पर साजिश का आरोप लगाया था। मामले में रवि यादव और कामरान वारसी को भी आरोपी बनाया गया।मृतक के बेटे सजमन अली ने कहा कि पुलिस लगातार दबिश देने का दावा करती रही, लेकिन आरोपी आसानी से कोर्ट पहुंचकर सरेंडर कर गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच बेहद धीमी गति से चल रही है और अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। परिवार ने मांग की है कि पुलिस रवि यादव को रिमांड पर लेकर पूछताछ करे, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।इस मामले में डॉ. अजय यादव और रवि यादव के बीच बातचीत के कथित ऑडियो भी वायरल हुए थे। ऑडियो में घटना के समय कार में कई लोगों के मौजूद होने की बात सामने आई थी। परिजनों ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।