
PARDARSHI VIKASH NEWS ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती रविवार को अपनी ‘गविष्ठि यात्रा’ के तहत आगरा पहुंच रहे हैं। यह यात्रा गो संरक्षण, सनातन संस्कृति के उत्थान और धर्म जागरण के उद्देश्य से निकाली जा रही है। शहर में उनके आगमन को लेकर कई स्थानों पर स्वागत और जनसभा कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शंकराचार्य सबसे पहले राजपुर चुंगी स्थित परशुराम मंदिर पार्क में जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस दौरान वे गो संरक्षण और धर्म रक्षा का संदेश देंगे।कार्यक्रम के बाद वे फतेहाबाद के लिए रवाना होंगे, जबकि शाम को धाकरान चौराहा पर भी उनका विशेष संबोधन कार्यक्रम प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा समाज में गौ संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने और लोगों को धर्म से जोड़ने का प्रयास है। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शनिवार को सैफई में थे, जहां सपा नेता शिवपाल सिंह यादव और सांसद डिंपल यादव ने उनका स्वागत कर आशीर्वाद लिया था। इस दौरान गौ संरक्षण को लेकर चर्चा भी हुई थी और कई नेताओं ने इस अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया था। आगरा में उनके कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं और संत समाज में उत्साह देखा जा रहा है।