
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के राजा मंडी चौराहे पर गुरुवार को आगरा महानगर कांग्रेस कमेटी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने भारतीय नागरिकों की मौत, तिरंगे के कथित अपमान और अमेरिका की ओर से भारत के प्रति अपनाए गए रवैये को लेकर नाराजगी जताई और केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका और कहा कि हाल की घटनाओं ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने आरोप लगाया कि एक हालिया जहाज हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है और विदेशों में भारतीय तिरंगे के अपमान जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं।उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के बावजूद भारत सरकार की प्रतिक्रिया कमजोर दिख रही है और विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह इस मुद्दे पर सख्त कूटनीतिक रुख अपनाए और भारतीय नागरिकों के हितों की रक्षा करे।