news-details

आगरा में 14 वर्षीय किशोरी की जबरन शादी, 50 हजार में बेचने का आरोप

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS Agra में 14 वर्षीय किशोरी की जबरन शादी कराने और उसे 50 हजार रुपये में बेचने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मां-पिता समेत सात लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराने के साथ कोर्ट में बयान भी दर्ज कराए हैं।थाना ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह कक्षा तीन तक पढ़ी है। उसके पिता जूता फैक्टरी में काम करते थे। तीन बहनों में दो की पहले ही शादी हो चुकी है। पीड़िता के अनुसार, 3 अप्रैल को उसके मां-पिता उसे ईदगाह क्षेत्र लेकर गए, जहां पहले से उसकी बुआ और उनकी सास मौजूद थीं। वहां उसे नए कपड़े पहनाए गए और बताया गया कि उसकी शादी कराई जा रही है।किशोरी ने विरोध किया तो मां-पिता ने धमकाया और एत्माद्दौला क्षेत्र निवासी आकाश नाम के युवक से उसकी जबरन शादी करा दी। शादी के बाद ससुराल में उसका मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि एक दिन आकाश की भाभी अर्चना ने उसे बताया कि उसके मां-पिता और बुआ ने उसे 50 हजार रुपये में बेच दिया है। साथ ही धमकी दी गई कि विरोध करने पर उसे कहीं और बेच दिया जाएगा।डरी-सहमी किशोरी करीब 10 दिन बाद मौका पाकर भाग निकली और रिश्ते की दादी के घर पहुंची। दादी ने परिवार वालों को बुलाकर शादी का विरोध किया, लेकिन वे नहीं माने। बाद में परिजन किशोरी को वापस घर ले गए। दो दिन बाद फिर आकाश को बुलाकर उसे साथ भेज दिया गया, जहां दोबारा उत्पीड़न शुरू हो गया।21 अप्रैल को किशोरी फिर घर से भाग निकली और 3 मई को महिला थाने पहुंचकर मदद मांगी। इसके बाद उसे एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाने की पुलिस के सुपुर्द किया गया। बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर उसके बयान दर्ज कराए गए।एडीसीपी Himanshu Gaurav ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की धाराओं समेत दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। मेडिकल जांच में किशोरी के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।