
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर जर्जर सड़क और बड़े-बड़े गड्ढों को लेकर गुरुवार सुबह हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर भी लिए थे, जिन पर “सड़क ध्वस्त, अधिकारी मस्त, जनता पस्त” जैसे नारे लिखे हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्टेशन शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां से रोजाना हजारों यात्री और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक गुजरते हैं, लेकिन बाहर की सड़क बेहद खराब स्थिति में है।हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा कि गड्ढों के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरसात के मौसम में स्थिति और खराब हो सकती है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।प्रदर्शन के दौरान शताब्दी एक्सप्रेस से उतरने वाले यात्रियों को भी सुरक्षित मार्ग से निकाला गया। सूचना मिलने पर जीआरपी और थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और नगर निगम के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। संगठन ने नगर निगम को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत और गड्ढों को भरने की मांग की।हिंदू महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आगे भी आंदोलन करेंगे।