
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को सैनिक बन्धु की बैठक जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर आलोक सक्सेना सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि विंग कमांडर आलोक सक्सेना का कार्यकाल 12 जून 2026 को पूर्ण हो रहा है और यह उनकी अंतिम सैनिक बन्धु बैठक है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उनके कार्यकाल को “सराहनीय और प्रेरणादायी” बताते हुए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आलोक सक्सेना ने अपने कार्यकाल में सर्वाधिक सैनिक बन्धु बैठकों का आयोजन कर पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाई।जिलाधिकारी ने कहा कि सेना से जुड़े परिवारों की समस्याओं को प्राथमिकता देना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस दिशा में विंग कमांडर आलोक सक्सेना का योगदान उल्लेखनीय रहा है। बैठक के प्रारम्भ में उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों का अभिनन्दन किया गया तथा पिछली बैठकों में दिये गये निर्देशों की समीक्षा की गई।बैठक में कुल 28 पूर्व सैनिक एवं विधवाएं उपस्थित रहीं। इस दौरान न्यायालय में लंबित विवाद, भूमि पैमाइश और भूमि आवंटन से संबंधित कुल चार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिये।बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्र, वरिष्ठ कोषाधिकारी सुनील कुमार यादव, जिला उद्योग विभाग के प्रदीप कुमार मौर्य, क्षेत्राधिकारी उमेश चन्द्र भट्ट, सूबेदार एस.के. हुड्डा, एनसीसी बटालियन पडरौना के प्रतिनिधियों सहित कैप्टन लाल बहादुर त्रिपाठी, कैप्टन शमसुद्दीन अंसारी, कैप्टन दयाशंकर पाण्डेय, हवलदार शारदा प्रसाद, अमिताभ कुमार श्रीवास्तव (पीएलवी) एवं अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।बैठक का संचालन प्रभाकर नाथ तिवारी ने किया। सफल आयोजन में राजेश कुमार गुप्त, श्रीमती धर्मशीला, जालंधर प्रसाद एवं जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कर्मचारियों का सहयोग रहा।