
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। बेसिक शिक्षा विभाग के शैक्षणिक सत्र 2026-27 अंतर्गत समग्र शिक्षा अभियान के तहत अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय वृद्धि के उपलक्ष्य में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह एवं चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की मा० राज्य मंत्री ग्राम्य विकास विभाग एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस दौरान लखनऊ स्थित लोकभवन में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में जनपद के 14 अंशकालिक अनुदेशकों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। जनपद में कुल 218 अनुदेशक कार्यरत हैं, जिन्हें 1 अप्रैल 2026 से मानदेय ₹9,000 से बढ़ाकर ₹17,000 प्रतिमाह किए जाने का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। मुख्य अतिथि ने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने तथा विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा, खेल, कला एवं अन्य गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लिया गया यह निर्णय अनुदेशकों के हित में ऐतिहासिक कदम है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कायाकल्प अभियान, स्कूल चलो अभियान और डीबीटी जैसी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सीधे लाभ पहुंचाया जा रहा है। साथ ही अनुदेशकों को अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे, विधायक खड्डा विवेकानंद पांडेय, विधायक फाजिलनगर सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा उपस्थित रहे।