
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के सदर तहसील क्षेत्र के अंगूठी गांव में अमृत सरोवर तालाब की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) और तहसील न्यायालय के आदेश पर तालाब की भूमि पर बने मंदिर, मस्जिद और मजार को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही।प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम सुबह गांव पहुंची और अधिकारियों की निगरानी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। जेसीबी और बुलडोजर से धार्मिक ढांचों को हटाकर तालाब की जमीन को खाली कराया गया। प्रशासन के अनुसार पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण रही और किसी तरह के विरोध की सूचना नहीं मिली।सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई थानों की पुलिस, पीएसी और अतिरिक्त बल तैनात किया गया था। मौके पर एडीसीपी हिमांशु गौरव, एसीपी इमरान अहमद, एसीपी रामप्रवेश गुप्ता समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।गांव अंगूठी में करीब साढ़े 22 बीघा जमीन राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। इसे अमृत सरोवर का दर्जा भी मिला हुआ है। तालाब की भूमि पर धार्मिक ढांचे बने होने को लेकर मामला एनजीटी तक पहुंचा था। सुनवाई के बाद एनजीटी ने जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए थे।तहसीलदार न्यायालय ने 9 जून को बेदखली का आदेश जारी किया था, जिसके बाद बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए तालाब की भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है।प्रशासन का कहना है कि तालाब की जमीन सुरक्षित होने से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और अमृत सरोवर योजना के तहत इसका बेहतर विकास किया जा सकेगा। आगे भी तालाब के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।