
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा के नंदिनी नगर स्पोर्ट स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-17 नेशनल रैंकिंग कुश्ती चैंपियनशिप का सफल समापन हो गया। प्रतियोगिता खत्म होने के बाद एक हजार से अधिक पहलवान अपने-अपने गृह राज्यों के लिए रवाना हो गए।इस प्रतियोगिता में हरियाणा के पहलवानों का दबदबा देखने को मिला। उन्होंने विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग सभी वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, पंजाब, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के युवा पहलवानों ने भाग लिया।समापन के बाद सुबह से ही स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों की भारी चहल-पहल देखने को मिली। पहलवान अपने सामान के साथ बसों, टैक्सियों और निजी वाहनों से अपने गंतव्यों की ओर रवाना होते नजर आए।महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली के पहलवान अयोध्या के लिए रवाना हुए, जहां से वे आगे ट्रेन या रोडवेज बसों के जरिए अपने राज्यों तक पहुंचे। वहीं उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी सीधे रोडवेज बसों से अपने घरों को लौट गए।भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह बबलू ने बताया कि तीन दिवसीय चैंपियनशिप सफलतापूर्वक संपन्न हुई और आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के रहने, खाने सहित सभी व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से की गई थीं।उन्होंने यह भी बताया कि महिला पहलवानों को सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था संघ की ओर से की गई, जबकि पुरुष खिलाड़ी अपने-अपने साधनों से रवाना हुए। जिन खिलाड़ियों के साथ परिजन नहीं आए थे, उन्हें भी सुरक्षित घर भेजने की जिम्मेदारी निभाई गई।विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कई खिलाड़ी अपने परिजनों के साथ लौटे, जबकि कुछ युवा पहलवान अकेले ही अपने घरों की ओर रवाना हुए।