
तनिश सिंह
PARDARSHI VIKAS NEWS 9 मोहर्रम की देर रात उन्नाव के चौधराना क्षेत्र में शिया समुदाय के अज़ादारों ने हज़रत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में आग के अंगारों पर चलकर मातम किया। धार्मिक आस्था और गम के इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। पूरे क्षेत्र में "या हुसैन" की सदाएं गूंजती रहीं और श्रद्धालुओं ने इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए अपनी अकीदत पेश की।मान्यता है कि कर्बला की जंग में हज़रत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों ने इंसानियत, न्याय और सच्चाई की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी थी। इसी शहादत की याद में मोहर्रम के दौरान शिया समुदाय विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों और मातमी आयोजनों का आयोजन करता है।चौधराना में आयोजित इस पारंपरिक मातमी कार्यक्रम में अज़ादार नंगे पांव जलते अंगारों पर चले और मातम कर इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद किया। आयोजन के दौरान धार्मिक अनुशासन और श्रद्धा का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में शामिल होकर शहीद-ए-कर्बला को खिराज-ए-अकीदत पेश किया।
