news-details

50 लाख की सरकारी जमीन कब्जामुक्त, एंटी भू-माफिया अभियान तेज

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Unnao

एंटी भू-माफिया अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। यह कार्रवाई पुरवा तहसील के ग्राम पारा, परगना मौरावां में की गई, जहां 0.038 हेक्टेयर ऊसर भूमि (संख्या 1693 ख) पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, घीनाखेड़ा मजरा पारा निवासी एक व्यक्ति द्वारा जमीन पर पिलर लगाकर अवैध कब्जा किया जा रहा था। मामले की जानकारी ग्राम प्रधान और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन को दी, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई की गई।

उपजिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी और क्षेत्रीय लेखपाल की टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान टीम ने अवैध रूप से लगाए गए पिलर और अस्थायी निर्माण को हटवाते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध कब्जे की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। अभियान के तहत जिले में लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी है।