
Pardarshi Vikas News Devariya
रिजर्व पुलिस लाइन्स देवरिया के परेड ग्राउंड में शनिवार को 485 महिला रिक्रूट कांस्टेबलों की भव्य पासिंग आउट परेड गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी दिव्या मित्तल रहीं, जिन्होंने परेड की सलामी लेकर रिक्रूट्स के अनुशासन और प्रशिक्षण की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए परेड का निरीक्षण कराया।परेड में कुल 17 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया और सुसंगठित तथा आकर्षक मार्च-पास्ट के जरिए अपने प्रशिक्षण और अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। महिला रिक्रूट्स ने कदमताल के साथ अपने आत्मविश्वास और समर्पण की झलक पेश कर उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों को प्रभावित किया।कुल 485 रिक्रूट्स में 185 बहराइच, 123 महाराजगंज और 177 देवरिया जनपद की प्रशिक्षु शामिल रहीं। परेड की कमान फर्स्ट-इन-कमाण्ड विभा तिवारी, सेकण्ड-इन-कमाण्ड शन्नो और थर्ड-इन-कमाण्ड किरन यादव ने संभाली।मुख्य अतिथि दिव्या मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज और जनता की सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने महिला कांस्टेबलों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश देते हुए महिलाओं की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली रिक्रूट्स को सम्मानित किया गया। शारीरिक प्रशिक्षण में सविता यादव, शस्त्र प्रशिक्षण में स्वाति सिंह, भीड़ नियंत्रण में अंकिता तिवारी और सर्वांग सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए रश्मि सिंह को पुरस्कृत किया गया।साथ ही भारतीय न्याय संहिता, संविधान, मानवाधिकार, लैंगिक संवेदनशीलता, कंप्यूटर, सीसीटीएनएस और साइबर क्राइम जैसे विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर ललिता पाल, राधा सरोज, अस्मिता पाण्डेय और काजल वर्मा को भी सम्मानित किया गया।प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षकों में आईटीआई शशिकिरण कुशवाहा और पीटीआई मुकेश कुमार को सर्वश्रेष्ठ बाह्य प्रशिक्षक तथा निरीक्षक अरविन्द यादव को सर्वश्रेष्ठ अंतःविषय प्रशिक्षक के पुरस्कार से नवाजा गया।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन्स मनोज कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी और क्षेत्राधिकारी आरटीसी दीपशिखा वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।देवरिया पुलिस लाइन्स में आयोजित यह पासिंग आउट परेड महिला सशक्तिकरण, अनुशासन और पुलिस सेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी।