news-details

4 साल बाद शुरू हुई TGT परीक्षा, बरेली में फर्जी सॉल्वर गिरफ्तार

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) भर्ती परीक्षा बुधवार से प्रदेशभर में शुरू हो गई। चार साल बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा के लिए 36 जिलों में 614 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3539 पदों के लिए 8.68 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के पहले दिन बरेली में एक फर्जी सॉल्वर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी प्रमोद कुमार, आजमगढ़ का निवासी है और वह फर्रुखाबाद के अभ्यर्थी विमल कुमार की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। पहली पाली की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को मध्यम से थोड़ा कठिन बताया। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, रेटिना स्कैनिंग और मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। परीक्षा केंद्रों की निगरानी AI कैमरों, डिजिटल जैमर और इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर के माध्यम से की जा रही है। आयोग ने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।