
PARDARSHI VIKASH NEWS नगर पंचायत सलेमपुर में 33 हजार वोल्ट की अंडरग्राउंड केबल जल जाने से उत्पन्न गंभीर विद्युत संकट को लेकर शनिवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव के नेतृत्व में सभासदों और दर्जनों उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) कार्यालय पर प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की और तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।प्रदर्शन में वार्ड संख्या-13 के सभासद डेविड सैनी, वार्ड संख्या-10 के सभासद प्रतिनिधि पंकज गुप्ता, वार्ड संख्या-12 के सभासद प्रदीप यादव, वार्ड संख्या-6 के सभासद अशोक कुमार गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल रहे।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि 33 हजार वोल्ट की अंडरग्राउंड केबल जलने के कारण नगर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल संकट गहरा गया है, घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं और व्यापारिक गतिविधियां भी ठप पड़ने लगी हैं। लगातार बिजली कटौती से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।प्रदर्शन के दौरान अधिशासी अभियंता कार्यालय में मौजूद नहीं मिले, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई। आक्रोशित जनप्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं ने विभागीय कर्मचारियों को ज्ञापन सौंपते हुए जली हुई केबल को तत्काल बदलने और नगर की विद्युत आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारु करने की मांग की।नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विभाग ने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया तो जनआंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। बिजली संकट को लेकर नगरवासियों में भारी रोष व्याप्त है और लोग जल्द राहत मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।