news-details

30 लाख की चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Lucknow

 गुडम्बा थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर हुई करीब 30 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच और गुडम्बा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के पास से चोरी के जेवरात, 1,10,200 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और एक अवैध .32 बोर पिस्टल सहित चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घटना 15 अप्रैल 2026 की है, जब डीएच-2 पैराडाइज निवासी सरफराज हुसैन के घर में अज्ञात चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए थे। इस मामले में थाना गुडम्बा में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने 24 अप्रैल को स्कार्पियो क्लब के पास जंगल क्षेत्र से तीन संदिग्धों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अदीबुर्रहमान उर्फ अदीब, जीशान गाजी उर्फ छोटू और रामजी राजाराम सोनी के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात को स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार अदीबुर्रहमान और जीशान पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बरामद सामान में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और आईफोन 17 प्रो मैक्स भी शामिल है, जिसे चोरी के पैसों से खरीदा गया था। अवैध हथियार मिलने पर एक अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।