
पारदर्शी विकास न्यूज़ वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय का 44वां दीक्षांत समारोह 30 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 10 बजे विश्वविद्यालय के मुख्य भवन में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात वैज्ञानिक एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर के इंस्टीट्यूट चेयर प्रोफेसर प्रो. आशुतोष शर्मा विद्यार्थियों को दीक्षांत भाषण देंगे। यह जानकारी कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने दी। कुलपति ने बताया कि इस वर्ष का दीक्षांत समारोह "संस्कृत एवं भारतीय ज्ञान परम्परा : विकसित भारत–2047 की आधारशिला" विषय पर केंद्रित रहेगा। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध उपाधियों के साथ स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय विशिष्ट अतिथि तथा उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी सारस्वत अतिथि के रूप में शामिल होंगी।प्रो. आशुतोष शर्मा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के पूर्व सचिव रह चुके हैं और नैनो विज्ञान, रासायनिक अभियांत्रिकी तथा विज्ञान नीति के क्षेत्र में उनके योगदान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। उन्हें पद्मश्री, शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार और इन्फोसिस पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराने का अवसर भी है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य भारतीय ज्ञान परम्परा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय के माध्यम से ऐसे युवाओं का निर्माण करना है, जो विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में भाषण, निबंध, चित्रकला, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक खेल, पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छता अभियान, पुस्तक समीक्षा, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा माँ-बेटी सम्मेलन सहित विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन भारतीय ज्ञान परम्परा, संस्कृत संस्कृति और आधुनिक विज्ञान के समन्वय को नई दिशा देने वाला साबित होगा।