news-details

23 राज्यों में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और आंधी से मिली गर्मी से राहत

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS देश के कई हिस्सों में जून की शुरुआत राहतभरे मौसम के साथ हुई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और बिहार समेत 23 राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार सुबह तेज बारिश और आंधी के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। कुछ स्थानों पर सड़कें और फुटपाथ धंस गए, जबकि एक मकान का हिस्सा भी गिर गया। दिल्ली में 1 जून का दिन पिछले तीन वर्षों में सबसे ठंडा दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री कम रहा।मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों में भी बारिश और गरज-चमक के आसार हैं।दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भी अच्छी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों में केरल पहुंच सकता है। इसके बाद मानसून धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ेगा, जिससे गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है।