news-details

22 दिनों से लापता 18 वर्षीय युवती, परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात: रूरा थाना क्षेत्र से 18 वर्षीय युवती के पिछले 22 दिनों से लापता होने का मामला सामने आया है। बेटी की तलाश में परिजन लगातार पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि थाना स्तर पर उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया और उन्हें पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलने भी नहीं दिया गया।परिजनों के अनुसार, 10 जून 2026 की सुबह पूरा परिवार खेत पर काम करने गया था, जबकि युवती घर पर अकेली थी। सुबह करीब 10:30 बजे छोटे बेटे ने घर पर ताला लगा होने की सूचना दी। परिवार जब वापस लौटा तो युवती घर से गायब थी। उसके कुछ कपड़े, करीब पांच हजार रुपये नकद और अन्य सामान भी नहीं मिले। आसपास के लोगों ने बताया कि युवती को सड़क किनारे रिक्शा रोकने की कोशिश करते हुए देखा गया था।मां ने बताया कि बेटी के पास खुद का मोबाइल नहीं था और वह कभी-कभी उनका फोन इस्तेमाल करती थी। पुलिस ने फोन की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध बातचीत नहीं मिली। इसके बावजूद पुलिस का कहना है कि युवती अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई है।परिजनों का कहना है कि यदि युवती अपनी इच्छा से गई भी है, तो 22 दिन बीतने के बाद भी उसका पता न लग पाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने युवती की जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है। वहीं, सदर क्षेत्राधिकारी संजय सिंह ने बताया कि मामले का संज्ञान लेकर जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।