news-details

216वीं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियां तेज

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर की ऐतिहासिक 216वीं भगवान जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अधिकारियों के साथ रथयात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट, बिजली व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा से पहले सभी कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।निरीक्षण की शुरुआत भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद महापौर और नगर आयुक्त ने पूरे यात्रा मार्ग का पैदल भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान जहां भी सड़क पर गड्ढे, सफाई संबंधी समस्याएं, खराब स्ट्रीट लाइट या खुले बिजली के तार मिले, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही रथयात्रा मार्ग पर होने वाले सड़क पैचवर्क कार्य का शिलान्यास भी किया गया।महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शहर की आस्था और परंपरा से जुड़ा प्रमुख आयोजन है। इसकी तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि रथयात्रा मार्ग पर सड़क की मरम्मत, सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा। केस्को द्वारा अंडरग्राउंड केबल बिछाने का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।पार्षद आदर्श गुप्ता और अमित गुप्ता ने बताया कि रथयात्रा मार्ग पर लगभग 60 से 70 नई स्ट्रीट लाइटें25 बिजली के पोल तथा सड़क पैचवर्क का कार्य करीब 20 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। बुधवार को इन विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास भी किया गया।रथयात्रा महोत्सव के तहत 16 जुलाई को सुबह वार्षिकोत्सव एवं राज दर्शन तथा शाम को महाभिषेक और विशेष चंदन श्रृंगार का आयोजन होगा। 17 जुलाई को शाम 6 बजे भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकलेगी, जबकि 26 जुलाई को विदाई परिक्रमा के साथ महोत्सव का समापन होगा।भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा जनरलगंज स्थित बाइजी मंदिर से प्रारंभ होकर काहूकोठी, नयागंज चौराहा, मारवाड़ी कॉलेज, नागेश्वर मंदिर, मनीराम बगिया और लाठी मोहाल होते हुए पुनः जगन्नाथ जी की गली, जनरलगंज में संपन्न होगी। नगर निगम का दावा है कि रथयात्रा से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा।

"भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा कानपुर की आस्था और परंपरा का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। हमारी प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी विभागों को समय से सड़क, सफाई, प्रकाश और अन्य व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।"-महापौर प्रमिला पांडेय

"रथयात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, सफाई और बिजली संबंधी कार्य तेजी से पूरे कराए जा रहे हैं। संबंधित विभागों को तय समय सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम व्यवस्था मिल सके।"-नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय