
PARDARSHI VIKASH NEWS अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को वर्ष 2029 से बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। केंद्र सरकार बालटाल मार्ग पर 11.6 किलोमीटर लंबे रोपवे (केबल कार) का निर्माण करेगी, जिससे बालटाल से संगम टॉप तक का सफर 5 से 8 घंटे के बजाय केवल 25 से 30 मिनट में पूरा हो सकेगा। परियोजना का निर्माण अप्रैल 2027 से शुरू होने और 2029 तक पूरा होने का लक्ष्य है।नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) ने परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है और इसे केंद्र सरकार की मंजूरी भी मिल चुकी है। केबल कार बालटाल के डोमेल गेट से संगम टॉप तक चलेगी। अमरनाथ गुफा की संवेदनशीलता को देखते हुए अंतिम स्टेशन गुफा से करीब 2 किलोमीटर पहले बनाया जाएगा, जहां से श्रद्धालु पैदल या पालकी के जरिए दर्शन के लिए जा सकेंगे।करीब 1,200 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत प्रति घंटे 1,500 से 2,000 श्रद्धालु सफर कर सकेंगे। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और जम्मू में ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।