
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने दावा किया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी में बड़ा विभाजन हो सकता है। उन्होंने कहा कि परिवारवादी और जातिवादी राजनीति करने वाले दल लगातार कमजोर हो रहे हैं और कई पार्टियों में टूट की स्थिति बन रही है।प्रकाश पाल ने कहा कि देश में ऐसी राजनीति करने वाले दल या तो खत्म हो रहे हैं या फिर अंदरूनी कलह का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ईडी (इंडिया) गठबंधन की बैठकों में भी आपसी मतभेद साफ दिखाई दे रहे हैं और गठबंधन बिखराव की ओर बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि शिवसेना और एनसीपी जैसे दलों में हुए विभाजन के बाद अब अन्य परिवार आधारित पार्टियों में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिम बंगाल में टीएमसी से नेताओं के अलग होने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी में भी ऐसी स्थिति बन सकती है।प्रकाश पाल ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी में बड़े फैसले एक ही परिवार तक सीमित रहते हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी सपा के कई विधायक अलग हुए हैं और आने वाले समय में कई और नेता पार्टी छोड़ सकते हैं।कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि कुछ दल सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन से जुड़े दल कई मुद्दों पर एक-दूसरे का समर्थन करते रहे हैं।प्रकाश पाल ने कहा कि जनता अब परिवारवाद, भ्रष्टाचार और जाति आधारित राजनीति से दूरी बना रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।