
पारदर्शी विकास ब्यूरो कसया, कुशीनगर। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सक्रिय हो गई है। पार्टी ने प्रदेश में 10 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 50 सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की रणनीति तैयार की है। यह जानकारी जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह गहरवार ने बुधवार को कसया स्थित पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री गहरवार ने कहा कि पार्टी प्रदेशभर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि जदयू अपने निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी का उद्देश्य सिर्फ सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आम लोगों के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना भी है।उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जदयू पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगी। विशेष रूप से पूर्वांचल की सीमावर्ती विधानसभा सीटों पर पार्टी की नजर है, जहां संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनका दावा था कि इन क्षेत्रों में जदयू मजबूत दावेदारी पेश करेगी और जनता के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने में सफल होगी।महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में स्थिति सामान्य होगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी अपराधी कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के दायरे से बाहर नहीं रह सकता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।नीट पेपर लीक मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री गहरवार ने कहा कि जहां भी पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, वहां विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शने के पक्ष में नहीं है और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस अवसर पर जदयू के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह (एडवोकेट), देवरिया जिलाध्यक्ष ओंकार तिवारी, महासचिव सत्यजीत सिंह गहरवार, मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष भीम मधेशिया सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।