
भाजपा से अधिक तैयारी में जुटी है सरकारी मशीनरी
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां तेज, CDO ने ली बैठक
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिन 17सितम्बर से एक महीने के सेवा संकल्प अभियान की तैयारी तेजी से चल रही है। जिला प्रशासन की ओर से सभी विकास खंडों में कार्यक्रमों के आयोजन के लिए रोस्टर तैयार कराए जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों को एक महीने में प्रतिदिन होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर मिल चुका है।सेवा संकल्प अभियान के दौरान कुल 13कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।पहले दिन 17सितम्बर को भाजपा के कार्यकर्ता विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घर पर आशीर्वाद का दिया -नाम से घर घर दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। योजनाओं के लाभार्थियों की सूची बूथ समितियों को दी जाएगी। भाजपा ने इस कार्यक्रम के लिए जनपद वार एक संयोजक और सह संयोजक नियुक्त किए हैं। अमेठी में जिला महामंत्री विषुव मिश्र को सेवा संकल्प अभियान का संयोजक बनाया गया है अभियान के दौरान बडनगर-गुजरात से काशी और काशी से बड़नगर जाने वाली जल ,जन और सेवा संकल्प यात्रा भी अमेठी से होकर गुजरेगी। यात्रा के मार्ग में जनसंवाद, फिल्म विमोचन और चौपाल के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि अभियान के शुभारंभ दिवस 17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाभार्थी परिवारों, ग्राम पंचायतों एवं प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु पर्याप्त संख्या में दीयों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा समन्वय की कार्यवाही समय रहते पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सेवा दिवस, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम, चित्रकला प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, आंगन मिलन, सेवा सेतु शिविर, स्वास्थ्य मेले, सेवा ज्योति कलश यात्रा, स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम तथा जनसेवा महाकुंभ सहित सभी गतिविधियों को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने लाभार्थियों का अद्यतन डेटा तैयार करे तथा कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से निर्धारित की जाए। विकासखंड एवं ग्राम स्तर तक सभी गतिविधियों की कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि अभियान के दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा योजनाओं की उपलब्धियों को जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। बैठक में जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी पन्नालाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ल आज लेंगी तैयारियों का जायजा
सेवा संकल्प अभियान की तैयारी और विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए जिले की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ल आज एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आ रही हैं। वे कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक करेंगी।
विकास खंड कार्यालयों में आज होगी सेवा संकल्प अभियान तैयारी बैठक
अमेठी। सेवा संकल्प अभियान की तैयारी को लेकर मंगलवार को सभी विकास खंडों में एडीओ स्टाफ और पंचायत सचिवों की बैठक बुलाई गई है। खंड विकास अधिकारी दिव्या सिंह ने अमेठी और भेंटुआ में अलग अलग बैठकें बुलाई है। सोमवार को उन्होंने अधीनस्थ स्टाफ के साथ बैठक करके बीबी रामजी योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रगति की जानकारी ली और पंचायत सचिवों को सभी योजनाओं के लाभार्थियों को अलग अलग सूची बद्ध करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान के प्रमुख कार्यक्रम -, एक नजर
1-17सितम्बर-आशीर्वाद का दिया
2-बच्चों की चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता
3-नमो सेवा गाथा-नुक्कड नाटक प्रस्तुति
4-आंगन का उत्सव
5-कहानी बदलाव की-हर शक्ति केंद्र पर 10लाभार्थियों की रील
6-विकसित भारत संकल्प यात्रा
7-सेवा ज्योति यात्रा
8-बडनगर से वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा
9-सेवा मेरा योगदान
10-सेवा हेतु अभियान -सरकार आपके द्वार
11-रंगोली राष्ट्र
12-राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज
13-जन सेवक महाकुंभ