
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा दिवस–आशीर्वाद कार्यक्रम में 17 सितंबर को जिला अस्पताल असैदापुर, गौरीगंज में एक दिवसीय चिन्हांकन शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इसमें दिव्यांगजनों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन की सुविधा भी मिलेगी। दिव्यांग पेंशन, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण, शादी-विवाह प्रोत्साहन, दुकान निर्माण/संचालन तथा मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल योजना के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। विद्यालय जाने वाली दिव्यांग छात्राएं ई-ट्राईसाइकिल के लिए भी आवेदन कर सकेंगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कमलेश कुमार वर्मा ने अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से शिविर में पहुंचने की अपील की है। आवेदकों को दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, निवास व जाति प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।