
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने, महिला उत्पीड़न की रोकथाम तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 जून 2026 (बुधवार) को तहसील हाटा में महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के निर्देशानुसार किया जा रहा है।जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती जनक नंदिनी करेंगी। इस दौरान महिला जनसुनवाई आयोजित कर महिलाओं की शिकायतों और समस्याओं को सुना जाएगा तथा उनके गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा भी की जाएगी।जागरूकता चौपाल में निराश्रित महिला पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, आयुष्मान भारत योजना और उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। पात्र लाभार्थियों का यथासंभव मौके पर पंजीकरण भी कराया जाएगा।कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी।जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जनपद की महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल का लाभ उठाएं।
