news-details

15 वर्षों से बदहाल टेकुआटार-खैरेटवां, सड़क-नाली और कूड़े के ढेर पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो रामकोला, कुशीनगर। रामकोला विकास खंड के टेकुआटार-खैरेटवां गांव में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। जर्जर मुख्य सड़क, बजबजाती नालियों और मदरसे के समीप वर्षों से लगे कूड़े के ढेर के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे गांव में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब 15 वर्षों से गांव के विकास की ओर कोई ठोस ध्यान नहीं दिया गया। गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव की नालियां पूरी तरह जाम और बजबजाती हुई हालत में हैं। नालियों का गंदा पानी आबादी क्षेत्र में फैल रहा है, जिससे मच्छरों और संक्रमणजनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति मदरसे के पास लगे कूड़े के ढेर की है, जहां छोटे-छोटे बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से जमा कचरे के कारण आसपास दुर्गंध और गंदगी फैली रहती है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।ग्रामीणों के अनुसार, बकरीद पर्व को देखते हुए उन्होंने गांव में विशेष साफ-सफाई कराने की मांग स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से की थी, लेकिन उनकी मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया। लगभग 21 दिन बीत जाने के बाद भी सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर ग्रामीणों का धैर्य टूट गया और उन्होंने प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।ग्रामीणों ने बताया कि मजबूर होकर उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद नालियों की आंशिक सफाई तो कराई गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों ने भूमिगत नालियों की मरम्मत, उनकी समुचित सफाई और मुख्य सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है, ताकि गांव में स्वच्छ वातावरण और सुचारु आवागमन सुनिश्चित हो सके।इस संबंध में रामकोला के खंड विकास अधिकारी विजय सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है और शीघ्र ही सभी समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा।प्रदर्शन के दौरान अरशद अली, इरफान अहमद, सलमान सिद्दिकी, सिप्पू, कादिर, शमशाद, बिट्टू, कमरुलजमा, सद्दाम, टुनटुन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।